top of page

ProZ प्रो बोनो की एक झलक

यह वेबसाइट लगभग अंग्रेज़ी में है लेकिन हम विश्वभर के अपने दोस्तों और ग्राहकों को उनकी भाषा में इस प्रोग्राम के बारे में जानने का मौका देना चाहते थे।इस पेज के नीचे हमारी योजना, इसमें शामिल लोग और इसे शुरू करने की प्रेरणा के बारे में जानकारी है। इसका अनुवाद हमारे कुछ शानदार स्वयंसेवकों द्वारा किया गया है। कृपया ध्यान दें कि आप किसी भी भाषा में हमें लिख सकते हैं और हम उसी भाषा में आपका उत्तर देंगे।

ProZ प्रो बोनो की एक झलक

क्या, कौन, कब, कहाँ, क्यों?

क्या?

ProZ प्रो बोनो प्रोग्राम पेशेवर अनुवादकों और इंटरप्रेटरों के विश्व के सबसे बड़े समुदाय द्वारा शुरू की गई एक मुफ़्त चैरिटी की पहल है। यह प्रोग्राम भाषा विशेषज्ञों को स्वयंसेवी आधार पर अनुवाद और इंटरप्रिटेशन से जुड़ी सेवाओं की आवश्यकता रखने वाले अलाभकारी संगठनों के साथ जोड़ता है। इस प्रोग्राम के माध्यम से ProZ.com भाषा संबंधी समर्थन के एक वैश्विक नेटवर्क की सुविधा प्रदान करता है, जिससे पिछड़े हुए समुदायों को महत्वपूर्ण जानकारी और सेवाओं तक पहुँच प्राप्त होती है।​

कौन?

ProZ प्रो बोनो प्रोग्राम विश्वभर के अलाभकारी संगठनों की सेवा करता है, जिससे वह बहुभाषी समुदायों को संबोधित कर सकें और अपने दुर्लभ संसाधनों को सुविधाहीन लोगों की सेवा के अपने प्राथमिक उद्देश्य के लिए समर्पित कर सकें। अनुवाद और इंटरप्रिटेशन का कार्य भाषा विशेषज्ञों द्वारा किया जाता है जो ProZ.com के पंजीकृत सदस्य हैं। यह लोग मदद की आवश्यकता रखने वालों के लिए नि:शुल्क अपनी विशेषज्ञता प्रदान कर के सकारात्मक प्रभाव डालने के लिए उत्साहित रहते हैं। यह ProZ.com के सदस्यों द्वारा वित्तपोषित किया जाता है।​

कहाँ?

ProZ प्रो बोनो प्रोग्राम वैश्विक स्तर पर संचालित किया जाता है। विश्व के किसी भी कोने से भाषा विशेषज्ञ और अलाभकारी संगठन इसमें भाग ले सकती हैं। यह प्रोग्राम ProZ.com के वर्चुअल स्वरूप का लाभ उठाते हुए अंतरराष्ट्रीय सहयोग को संभव करता है। स्वयंसेवक अपनी सेवाएँ प्रदान कर सकते हैं और लाभार्थी किसी भी जगह से सहायता का अनुरोध कर सकते हैं।

कब?

ProZ प्रो बोनो प्रोग्राम अभी जारी है और साल भर इसमें भाग लिया जा सकता है। भाषा विशेषज्ञ किसी भी समय स्वयंसेवक के रूप में पंजीकृत हो सकते हैं और अलाभकारी संगठन या ज़रूरतमंद व्यक्ति जब चाहे तब अपना अनुरोध डाल सकते हैं। समय सुविधा होने की बदौलत अत्यावश्यक भाषा संबंधी आवश्यकताओं पर तत्काल प्रतिक्रिया की जा सकती है।​

क्यों?

ProZ प्रो बोनो प्रोग्राम उन व्यक्तियों के लिए भाषा की बाधा को हटाने में एक महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है जो आवश्यक जानकारी या सेवाओं को प्रदान करने या प्राप्त करने में संघर्ष करते हैं। यह ProZ.com के मूल मंत्रों के अनुरूप है जो अनुवाद और इंटरप्रिटेशन समुदाय के भीतर सहयोग और समर्थन को बढ़ावा देना और विश्व में एक महत्वपूर्ण बदलाव लाना है। यह प्रोग्राम वैश्विक स्तर पर समझ, संचार और सूचना तक पहुँच को प्रोत्साहित करने के एक बड़े मिशन को पूरा करता है।

यह प्रोग्राम एक करुणामय और प्रभावशाली प्रयास है जो भाषा विशेषज्ञों को अपने कौशल को प्रदान करने के लिए सशक्त बनाता है और विश्वभर के ज़रूरतमंद लोगों को महत्वपूर्ण सेवाएँ प्रदान करता है। ProZ प्रो बोनो प्रोग्राम से जुड़े स्वयंसेवी अनुवादक और इंटरप्रेटर अपने कौशल और विशेषज्ञता का योगदान देते हैं, अपने व्यक्तिगत लाभ के लिए नहीं बल्कि उन लोगों के जीवन में एक सकारात्मक प्रभाव डालने के लिए जिन्हें भाषा समर्थन की आवश्यकता होती है।

राजदूत पेज देखें यह जानने के लिए कि आपके देश या आपकी भाषा में हमारे पास राजदूत हैं या नहीं।

Translated by Shailika Kandari / शैलिका कंडारी द्वारा अनुवादित

bottom of page